
चंद्रपुर. शहर के प्रख्यात नेत्र चिकित्सक डॉ. उमेश अग्रवाल (48) ने मंगलवार रात को अपने निवास पर इंजेक्शन लेकर आत्महत्या की. इस घटना से शहर में खलबली मच गई है.
जानकारी के अनुसार डॉ. अग्रवाल का शहर के जयंत टॉकीज के पास स्थित चर्च के सामने एक इमारत में नेत्र चिकित्सालय है. इसी बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर उनका निवास भी है. शाम में मरीजों का परीक्षण करने के बाद डॉक्टर अपने निवास में गए थे, इस बीच रात 8 बजे जब क्लीनिक में मरीज आने पर उनका कंपाउंडर उन्हें बुलाने ऊपरी मंजिल पर गया, उस वक्त पर डॉक्टर अपने बिस्तर पर सोए हुए थे,कंपाउंडर ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन वे कोई रिस्पांस नही दे रहे थे, कंपाउंडर ने पास के ही एक फिजिशियन डॉ. चौधरी के पास जाकर उन्हें डॉ. अग्रवाल के बारे में बताकर उन्हें साथ चलने का आग्रह किया. डॉ. चौधरी ने देखते ही डॉ. अग्रवाल को मृत घोषित किया. डॉ. अग्रवाल द्वारा स्वयं कोई इंजेक्शन लगवाकर खुदकुशी किए जाने की आशंका जताई जा रही है. इस इंजेक्शन की सिरिंज उनके बिस्तर के पास ही पायी गयी. बताया जाता है कि, डॉ. अग्रवाल पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन के शिकार हुए थे, उनका उपचार शहर के ही एक निजी डॉक्टर के पास चल रहा था. डॉ. अग्रवाल की पत्नी और एक बेटा भी डॉक्टर ही है. घटना के समय दोनों बाहर गांव गए हुए थे.



Total Users : 1946
Total views : 3808