Chandrapur : शहर में 18 जुलाई को हुई धुवांधार बारिश ने सर्वत्र कोहराम मचा दिया. चंद्रपुर शहर समेत जिले में कई स्थानों पर महज 6 घंटे में 200 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे समूचा शहर पानी पानी हो गया, शहर की कई बस्तियां जलमग्न हो गयी, शहर के मूल मार्ग, कस्तूरबा मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग के किनारे स्थित कई बड़ी बड़ी दुकानों और शो रूम्स में पानी घुस गया.
नागपुर मार्ग पर एमडीआर मॉल, इनसाइट , दत्तनगर परिसर में भी बड़े पैमाने पर पानी जमा हो गया था. जिले में 18 से 20 जुलाई तक तेज बारिश होने का अनुमान मौसम विभाग ने व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. मौसम विभाग का यह अनुमान सही साबित हुआ. शहर में 18 जुलाई को सुबह से ही बारिश शुरू हो गयी, यह बारिश धीरे धीरे विकराल रूप धारण करने लगी और शाम 4 बजे तक सर्वत्र धुवांधार बारिश जारी रही. एक ही दिन में हुई भारी बारिश ने जिले का जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया. शहर के सभीं मार्ग और गलियाँ जलमग्न हो गयी. सबसे बुरा हाल महात्मा गांधी मार्ग, मूल रोड, ताडोबा मार्ग पर देखने मिला. यहां सड़कों पर 4 से 5 फ़ीट तक पानी जमा हो गया था. मूल मार्ग पर मच्छीनाला का पानी आसपास के परिसर में फैलने से इस मार्ग पर स्थित विवेक नगर, शास्त्री नगर, इंडस्ट्रियल एस्टेट पानी के नीचे आ गए. इस परिसर में स्थित कई मकानों और इमारतों में पानी घुस गया, कई वाहन पानी में डूब गए.
कस्तूरबा मार्ग पर स्टेट बैंक, सिटी हाईस्कूल में पानी घुस गया. गोल बाजार में स्थित शहर की मुख्य सब्जी मंडी पानी के नीचे आ गयी. ताडोबा मार्ग पर यातायात पुलिस कार्यालय के सामने भी 4 फ़ीट पानी जमा हो गया था, जगन्नाथबाबा नगर , रहमत नगर, सिस्टर कॉलोनी के भी बुरा हाल था, यहां कई फोर व्हीलर वाहन पानी में फंस गए थे, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में लोगों को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी. जिससे वाहनों को पानी के बीच से गुजरते दिक्कतों का सामना करना पड़ा. पानी से वाहन निकालने के प्रयास में जगह जगह वाहन बंद पड़े हुए थे, जिससे हर तरफ ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्माण हुई थी. मूल रोड पर ट्रैफिक जाम के चलते वाहनों की 2 किमी तक कतारें लगी हुई थी.
मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद शहर के सभीं स्कूल और शिक्षा प्रतिष्ठान आज शुरू थे, जिससे हर तरफ छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. इस एक दिन की ही बारिश ने शहर महानगर पालिका की कार्यप्रणाली की पोल खोलकर रख दी, जिससे शहरवासियों में भारी असंतोष देखा गया. शहर के बाहरी क्षेत्र से गुजरने वाली इराई नदी लबालब हो गयी है. इस बीच मनपा प्रशासन ने शहर में संभावित बाढ़ की स्थिति देखते हुए नदी किनारों पर बसी बस्तियों को सतर्कता की चेतावनी दी है. मनपा प्रशासन ने आपद्काल में 07172-259406, 07172- 256414 क्रमांक पर संपर्क करने का आहवान किया है.
19 जुलाई को बंद रहेंगे स्कूल, कॉलेज
जिले में आगामी तीन दिनों तक तेज बारिश की संभावना के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बुधवार 19 जुलाई को जिले के सभीं शिक्षा प्रतिष्ठान बंद रखने के निर्देश दिए है. जिलाधिकारी विनय गौड़ा ने यह निर्देश जारी करते हुए जिले की सभीं प्राथमिक, माध्यमिक स्कूल , कॉलेज तथा आंगनवाड़ी स्कूलों को छुट्टी घोषित की है.





Total Users : 1946
Total views : 3808