Chandrapur 8 अगस्त : चंद्रपुर में आंख की बीमारी आई फ्लू के मरीज तेजी से बढ़ रहे है, जिले में इस बीमारी से ग्रस्त मरीजों की संख्या अब तक 12 हजार से अधिक हुई है, जबकि इनमें प्रतिदिन सैंकड़ों मरीजों का इजाफा हो रहा है. मंगलवार 8 अगस्त को जिले में एक ही दिन में आई फ्लू अर्थात कंजंक्टिवाइटिस के 2500 से अधिक मरीज पाए गए है. जिले भर के सरकारी और निजी अस्पतालों में प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में आंख की बीमारी से परेशान मरीज पहुंच रहे है. जिनमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों का समावेश है, बच्चों में यह संक्रमण स्कूलों के अन्य सहपाठियों से आ रहा है, बाद में परिवार के अन्य सदस्य भी इस बीमारी से ग्रसित हो रहे है.
नेत्र चिकित्सकों के अनुसार यह आई फ्लू अर्थात कंजंक्टिवाइटिस की बीमारी है, जो दरअसल आंखों में होने वाला एक संक्रमण है. इस बीमारी में मरीजों की आंखों में दर्द, सूजन, लालपन समेत अन्य परेशानियां नजर आती है.
बारिश के बाद हर तरफ यह आंखों की बीमारी नजर आ रही है,जिसे कंजंक्टिवाइटिस भी कहा जाता है. इस बीमारी में मरीज की आंखें लाल होना, उसमें से पानी रिसना, दर्द और सूजन होना आदि लक्षण दिखाई देते है, यह बीमारी खासकर बच्चों में अधिक दिखाई दे रही है.
आई फ्लू को पिंक आई के नाम से भी जाना जाता है. यह संक्रमण बरसात के दिनों में ही अधिक फैलता है. इस मौसम में फंगस इंफेक्शन फैलाने वाले जीवाणु बढ़ जाते है. जो लोग सर्दी, जुकाम से ग्रसित होते है, उनमें यह संक्रमण जल्दी फैलता है. पहले एक आंख में यह इंफेक्शन दिखाई देता है, बाद में वह दूसरी आंख में भी फैलता है. डॉक्टरों का कहना है कि, आंख से पानी निकलना, दर्द होना या लालपन दिखाई पड़ते ही मरीजों को तुरंत किसी नेत्र चिकित्सक से संपर्क कर उपचार शुरू करने चाहिए. बिना डॉक्टरों की सलाह लिए किसी भी तरह की दवा या आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. इस तरह के उपचारों से आंखों को नुकसान पहुंच सकता है. आई फ्लू के मरीजों को अपनी साफ सफाई की तरफ भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, आंखों को बार बार छूने या रगड़ने से बचना चाहिए, हाथों को भी नियमित रूप से हैंड सैनिटाइजर से साफ करते रहना चाहिए.



Total Users : 1946
Total views : 3808