Nagpur 11 अगस्त : नागपुर में भाजपा अल्पसंख्यक सेल की पदाधिकारी लापता सना खान का 10 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. सना की तलाश में जबलपुर गयी नागपुर पुलिस की टीम बैरंग वापस लौट आयी है. सना 2 अगस्त से लापता है. वह जबलपुर में अपने बिजनेस पार्टनर अमित उर्फ पप्पू साहू से मिलने जबलपुर जाने की बात कहकर 1 अगस्त को जबलपुर रवाना हुई थी, 2 अगस्त को उसने फोन कर अपने जबलपुर पहुंचने की बात परिजनों को बताई थी, उसके बाद से सना से उसके परिजनों का कोई संपर्क नहीं हुआ है. 2 अगस्त की दोपहर बाद से ही सना के तीनों मोबाइल बंद पाए जा रहे है.
इस बीच सना का आखरी मोबाइल लोकेशन बेलखाडू और कटंगी के पास पाया गया है. सना के भाई को साथ लेकर नागपुर पुलिस ने जबलपुर में सना के बिजनेस पार्टनर अमित उर्फ पप्पू साहू के कटंगी रोड़ पर स्थित आशीर्वाद ढाबे पर तलाशी ली. यह ढाबा सना के पार्टनर अमित का ही है. पुलिस ने ढाबे पर काम करने वाले कर्मियों से पूछताछ की, तब एक कर्मी ने बताया कि, उनके मालिक अमित 4 दिन पहले ढाबे पर आए थे, उन्होंने अपनी कार साफ करने कहा था, कार साफ करते समय कार की डिक्की में खून के धब्बे नजर आए थे.
पुलिस ने अमित उर्फ पप्पू साहू के गोराबाजार स्थित उसके मकान पर भी दस्तक दी, लेकिन अमित भी कुछ दिनों से लापता होने की बात सामने आई. पुलिस ने अमित के घर के आसपास के सभीं सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन किसी में भी सना खान नजर नहीं आयी.
सना के परिजनों के अनुसार सना ने 6 माह पूर्व ही अमित से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच पैसों के लेन देन को लेकर विवाद चल रहा था, अमित ने सना को एक माह पूर्व ही जान से मारने की धमकी दी थी. सना के परिजनों को आशंका है कि, सना की हत्या कर उसकी लाश नदी में फेंक दी गयी होगी. पुलिस अब सना और पप्पू के मोबाइल के सीडीआर को खंगाल रही है.



Total Users : 1946
Total views : 3808