Aurangabad 21 अगस्त : समृद्धि महामार्ग पर अगर आप वाहन से उतरकर फ़ोटो या वीडियो बनाओगे तो हो जाइए सावधान. अब ऐसा करने पर आपको एक माह कैद की सजा या जुर्माना लग सकता है. समृद्धि महामार्ग पुलिस ने यह चेतावनी जारी की है.
सूत्रों के अनुसार जबसे समृद्धि महामार्ग यातायात के लिए खुला किया गया है, इस मार्ग की भव्यता, खूबसूरती और आसपास के दृश्यों को कैमरे में कैद कर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की होड़ इस मार्ग से गुजर रहे यात्रियों में लगी हुई है. इसके लिए लोग बीच राह में वाहनों को रोककर फ़ोटो या वीडियो बनाते है, जिससे इस मार्ग से तेज गति से गुजरने वाले अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, यातायात में दिक्कतें आती है और दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है.
इस पर नियंत्रण पाने के लिए महामार्ग पुलिस ने अब समृद्धि मार्ग पर फ़ोटो या वीडियो लेने पर प्रतिबंध लगाया है. अगर कोई इस नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ धारा 341 के तहत एक माह कैद अथवा 500 रुपये जुर्माना की सजा का प्रावधान किया गया है.
समृद्धि महामार्ग पर दुर्घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है, दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में इसे एक कदम बताया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि, फिलहाल नागपुर से शिरडी तक का महामार्ग यातायात के लिए उपलब्ध किया गया है, इस महामार्ग के अगले चरण में शिरडी से भिवंडी तक का मार्ग अभी निर्माणाधीन है, इस काम को दिसंबर तक पूर्ण कर नागपुर से भिवंडी (मुंबई) तक का संपूर्ण मार्ग जनवरी 2024 तक शुरू होने की उम्मीद है.



Total Users : 1946
Total views : 3808