Chandrapur 20 अक्टूबर : यहां चल रहे माता महाकाली महोत्सव के उपलक्ष्य पर शहर से निकलने वाली रैली में भाविकों की होने वाली हजारों की भीड़ के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने 23 अक्टूबर को शहर के चार मुख्य मार्गों को दोपहर 12 से रात 12 तक सभीं वाहनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है. उक्त चार मुख्य मार्गों में महाकाली मंदिर से गांधी चौक, गांधी चौक से जटपुरा गेट, जटपुरा गेट से कस्तूरबा चौक और कस्तूरबा चौक से महाकाली मंदिर तक के मार्गों का समावेश है.
जिला पुलिस अधीक्षक रविंद्रसिंह परदेसी द्वारा जारी की गई अधिसूचना के तहत 23 अक्टूबर को शहर के नागरिकों को यातायात के लिए अन्य वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है. अधिसूचना के तहत उक्त सभीं मार्गों पर 23 अक्टूबर को नो पार्किंग ज़ोन भी घोषित किया गया है. जिससे उक्त चारों मार्गों पर फुटपाथ तथा सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे व्यवसाइयों को उस दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
पुलिस ने इस दिन जिस वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल की अपील की है, उसके अनुसार बल्लारपुर से शहर में दाखिल होने वाले नागरिकों के साथ बाबुपेठ, बागला नगर, महाकाली नगर, भिवापुर वार्ड के निवासियों को भिवापुर, हनुमान खिड़की, दादमहल वार्ड मार्ग का इस्तेमाल करने की सूचना दी है. इसके अलावा आसपास के नागरिकों को लालपेठ कॉलरी, पठानपुरा गेट, बिनबा गेट मार्ग का भी उपयोग करने की सलाह दी गयी है. नागपुर तथा मूल से शहर में दाखिल होने वालों को वरोरा नाका, संत कंवरराम चौक, विदर्भ हाऊसिंग चौक, रहमत नगर, बिनबा गेट मार्ग या फिर सावरकर चौक, आरटीओ ऑफिस, रैयतवारी कॉलरी का भी इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
पुलिस प्रशासन ने इस रैली के लिए शहर में आने वाले वाहनधारकों के जगह जगह पर पार्किंग स्लॉट भी तय कर दिए है. एक अनुमान के अनुसार इस रैली में एक लाख तक भाविकों के सम्मिलित होने का अंदाजा है.



Total Users : 1946
Total views : 3808