नागपुर, उमरेड और चंद्रपुर के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
चंद्रपुर. महाराष्ट्र की अग्रणी ट्रांसपोर्ट कंपनियों में से एक यहां की एक ख्यातनाम ट्रांसपोर्ट कंपनी के चंद्रपुर समेत नागपुर और उमरेड में स्थित सभी व्यापारी प्रतिष्ठानों और मकानों पर आयकर विभाग ने छापा मारा. आयकर विभाग के अधिकारियों के एक बड़े दल ने बुधवार तड़के शुरू की इस कार्रवाई से व्यापारी जगत में खलबली मच गई.
आयकर अधिकारियों की अलग अलग टीमें पुलिस सुरक्षाबल के साथ सुबह 8 बजे इस कंपनी के घुग्घुस रोड पर स्थित कार्यालय में आ धमकी, ठीक उसी वक्त एक टीम इस कंपनी के एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित प्रतिष्ठान के साथ ही शास्त्रीनगर परिसर में स्थित बंगले पर भी पहुंच चुकी थी. अधिकारियों की यह टीम कुछ फोर व्हीलर वाहनों के साथ ही निजी ट्रेवल्स कंपनी की एक बस से यहां पहुंची थी. आयकर विभाग की यह टीमें दिनभर कार्रवाई में व्यस्त थी. इस कार्रवाई में अधिकारियों को बड़े पैमाने पर बेनामी संपत्ति मिलने चर्चा है. हालांकि इस संदर्भ में अभी अधिकारियों की ओर से कुछ भी बताया नहीं जा रहा है. यह भी बताया जा रहा है कि, आयकर विभाग ने इस कंपनी के नागपुर और उमरेड स्थित व्यापारी प्रतिष्ठानों के साथ ही नागपुर के बंगले पर भी छापा मारा है.
गौरतलब है कि, चंद्रपुर में स्थित यह ट्रांसपोर्ट कंपनी महाराष्ट्र की एक अग्रणी ट्रांसपोर्ट कंपनी समझी जाती है. इस कंपनी के पास वर्तमान समय मे सैंकड़ों की संख्या में ट्रक्स है. यह कंपनी अपने वाहनों की मदद से पिछले 15 वर्ष से जिले के विभिन्न सीमेंट उद्योगों, बिजलीघरों तथा पेपर मिल के लिए कोयला, सीमेंट और फ्लाई ऐश का परिवहन कर रही है. इस कंपनी के संचालक जो कि मूलतः पंजाब के होशियारपुर से है, जो बिजनेस की दृष्टि से पहले हैदराबाद बाद में चंद्रपुर में आये थे. उन्होंने अपने ट्रांसपोर्ट कारोबार की शुरुआत कोयला परिवहन के रूप में एक सेकंड हैंड ट्रक के माध्यम से की थी. बाद में वे जिले में स्थित सीमेंट कंपनियों से जुड़ते गए और उनके पास वाहनों की संख्या एक के बाद बढ़ती चली गयी. वर्ष 2004 में वे 50 ट्रकों के मालिक बन गए थे. आज यह संख्या सैकड़ो में पहुंच गई है. यह कंपनी औरंगाबाद, नागपुर, छिंदवाड़ा, जलगांव जैसे शहरों में भी माल परिवहन का काम करती है. इस कंपनी का टर्न ओवर 175 करोड़ से अधिक का बताया जा रहा है. कंपनी में चल रहे सैंकड़ों ट्रकों के लिए लगने वाले टायरों की बड़ी संख्या को देखते हुए इस कंपनी ने तकनीकी सहायता के लिए एक ख्यातनाम टायर कंपनी से अनुबंध किया है. बताया जाता है कि, यह कंपनी प्रतिमाह 500 से अधिक टायर खरीदती है. इस कंपनी का खुद का डीजल पंप और वर्कशॉप है जो नाइट्रोजन फीलिंग मशीन, अलाइनमेंट मशीनरी के साथ सुसज्जित है. इस कंपनी का एक फोर व्हीलर शो रूम भी है.



Total Users : 1946
Total views : 3808