Chandrapur 3 नवंबर : जीएसटी विभाग के बाद अब आयकर विभाग की कार्रवाई से गुजर रही महाराष्ट्र की अग्रणी ट्रांसपोर्ट कंपनी चड्ढा रोडलाइन्स को संपत्ति का अनावश्यक प्रदर्शन भारी पड़ा है.
पिछले 3 दिनों से इस कंपनी पर आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई जारी है, इस कार्रवाई में आयकर अधिकारियों को कंपनी की बड़े पैमाने पर बेनामी संपत्ति का पता चलने की बात सामने आ रही है.
गौरतलब है कि, कुछ माह पूर्व ही इस कंपनी पर जीएसटी विभाग ने भी छापा मारा था. कंपनी द्वारा बड़े पैमाने पर जीएसटी कर की चोरी का आरोप लगा था. तबसे ही यह कंपनी आयकर विभाग के रडार पर आ गयी थी. यह भी उल्लेखनीय है कि, 5 वर्ष पूर्व नागपुर में बुटिबोरी पुलिस ने एक संदिग्ध कार से 70 लाख रुपये की नगद राशि जब्त की थी, यह राशि चड्ढा ट्रांसपोर्ट की ही होने की बात पूछताछ के दौरान सामने आई थी. पुलिस ने उस वक्त चड्ढा ट्रांसपोर्ट में कार्यरत एक प्रबंधक समेत वाहन चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, बाद में यह राशि पुलिस ने आयकर विभाग के हवाले कर दी थी. हालांकि बाद में चड्ढा ट्रांसपोर्ट के संचालकों ने यह रकम वैध होने का दावा किया था.
बताया जाता है कि, पिछले कुछ वर्षों में ही चड्ढा ट्रांसपोर्ट का टर्न ओवर आश्चर्यजनक रूप से बढ़ गया था, कंपनी के संचालकों ने पिछले कुछ दिनों में शहर में मुख्य स्थानों पर बेशकीमती जमीन की खरीदारी की थी, कंपनी की ओर से हाल ही में जमीन का बड़ा सौदा किया गया था, जो 250 करोड़ से अधिक का बताया जा रहा है. कंपनी खुद का हेलीकॉप्टर भी खरीदने की तैयारी में जुटी थी, इसके लिए हेलीपैड का भी निर्माण किया जा रहा था, कंपनी ने भविष्य के लिए पैसे जुटाने तथा इक्विटी कैपिटल बढ़ाने के उद्देश्य से आईपीओ भी जारी करने की तैयारी कर रही थी. आयकर विभाग ने चड्ढा के साथ साथ 3 अन्य व्यापारियों पर भी छापामार कार्रवाई की है, जिनमें संगीता सेल्स, सप्रा ट्रांसपोर्ट का समावेश है, यह दोनों नाम भी कोयला ट्रांसपोर्टर के रुप में व्यापारी जगत में सर्वपरिचित है. बहरहाल चड्ढा ट्रांसपोर्ट और चड्ढा रोडलाइन्स पर पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगातार हो रही छापामार कार्रवाई से जिले के अन्य व्यापारी प्रतिष्ठानों में खलबली मच गई है, इस कार्रवाई से व्यापारी जगत की सांसें तेज हुई है. इस कार्रवाई में जिले के कुछ अन्य कोल् ट्रेडर्स तथा कोयले के कारोबार में लिप्त बड़े बड़े नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है. आगामी कुछ दिनों में चंद्रपुर, नागपुर में स्थित कुछ कोयला व्यापारियों पर भी कार्रवाई का अंदेशा है. यह भी बताया जा रहा है कि, आयकर विभाग की इस कार्रवाई के पीछे राजनीतिक तार भी जुड़े होने की बात सामने आ रही है.



Total Users : 1946
Total views : 3808