Chandrapur 21 नवंबर : विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार 20 नवंबर को हुए मतदान में जिले के चिमूर एवं ब्रम्हपुरी क्षेत्रों में बंपर वोटिंग हुआ. उक्त क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत 80 के पार पहुंच गया है, जिससे दोनों क्षेत्रों में वर्तमान विधायकों की धड़कनें तेज हो गयी है. क्या यह बंपर वोटिंग दोनों क्षेत्रों में परिवर्तन की आंधी तो नहीं है, इस आशंका को लेकर अब चर्चा शुरू हो गयी है.
बुधवार को महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव के तहत मतदान हुआ. जिले में भी चंद्रपुर, बल्लारपुर, राजुरा, वरोरा, चिमूर और ब्रम्हपुरी क्षेत्रों में मतदान हुआ. उल्लेखनीय यह कि, चिमूर एवं ब्रम्हपुरी में शुरू से ही मतदान प्रतिशत अन्य क्षेत्रों के मुकाबले अव्वल था. तभी से यह स्पष्ट हो गया था कि, उक्त दोनों क्षेत्रों में इस बार रिकॉर्डतोड़ मतदान हो सकता है. मतदान शुरू होने के बाद मात्र 2 घंटे के भीतर चिमूर में 10.26 और ब्रम्हपुरी में 9.26 प्रतिशत मतदान हुआ था. दिनभर भी यही ट्रेंड बरकरार रहा और दोनों क्षेत्र जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के मुकाबले वोटिंग में अग्रसर ही थे.
शाम को जब मतदान खत्म हुआ तो दोनों क्षेत्रों में रिकॉर्डतोड़ मतदान पर मुहर लग गयी. चिमूर क्षेत्र में 81.75 तो ब्रम्हपुरी क्षेत्र में 80.54 प्रतिशत वोटिंग हुआ है. अन्य क्षेत्रों में सामने आए अंतिम आंकड़ों के अनुसार राजुरा में 72.71, वरोरा में 69.48, बल्लारपुर में 69.70 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ. चंद्रपुर क्षेत्र में आश्चर्यजनक रूप से सबसे कम 57.98 प्रतिशत मतदान हुआ. इस क्षेत्र में मतदाताओं में कहीं भी चुनाव को लेकर कोई उत्साह नजर नहीं आ रहा था. इस क्षेत्र के शहरी भागों में कई मतदान केंद्र ऐसे भी दिखाई दे रहे थे, जहां मतदान अधिकारियों को मतदाताओं की प्रतीक्षा करनी पड़ रही थी.
चिमूर और ब्रम्हपुरी में हुए सर्वाधिक और चंद्रपुर में हुए सबसे कम मतदान के बाद यहां के वर्तमान विधायकों में अस्वस्थता दिखाई दे रही है. चिमूर में भाजपा प्रत्याशी कीर्तिकुमार भाँगड़िया जबकि ब्रम्हपुरी में कांग्रेस प्रत्याशी विजय वडेटटीवार वर्तमान विधायक है. क्या दोनों क्षेत्रों में मतदाताओं ने बंपर वोटिंग करते हुए परिवर्तन की लहर तो नहीं चलाई, यह आशंका अब व्यक्त की जा रही है. चंद्रपुर में सधन तथा शिक्षित बस्तियों में मतदान का प्रतिशत बेहद ही कम रहा है, जबकि दलित, मुस्लिम एवं अन्य स्लम एरिया में मतदान ज्यादा हुआ है. इससे भी इस क्षेत्र के वर्तमान विधायक किशोर जोरगेवार की बेचैनी बढ़ गयी है.



Total Users : 1946
Total views : 3808