Chandrapur 26 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिरों में दर्शन से पहले नदियों में स्नान करने उतरे जिले के 6 लोग डूब गए. दो अलग स्थानों पर हुई उक्त दुर्घटनाओं से जिले में शोक की लहर व्याप्त हुई है.
पहली दुर्घटना सावली तहसील में सामने आई जहां वैनगंगा नदी में तीन सगी बहनें पानी मे डूब गई. चंद्रपुर शहर के बाबुपेठ परिसर में रहने वाला एक परिवार चंद्रपुर-गड़चिरोली मार्ग पर वैनगंगा नदी पर बने पुल के नीचे स्नान हेतु उतरा था. कुल 5 सदस्यीय इस परिवार में तीन सगी बहनें, एक महिला और एक छोटे बालक का समावेश था. नदी में पानी की गहराई का अंदाजा नहीं आने पर यह सभीं पानी मे डूबने लगे. इस बीच इसी परिवार के एक पुरुष सदस्य ने छोटे बालक को पानी से बाहर निकाल लिया किंतु पानी का तेज बहाव होने से अन्य 4 महिलाएं बाहर नहीं निकल स्की. इस बीच एक महिला बहते बहते एक पत्थर के पास रुक गयी, वह इस पत्थर को पकड़े रही जिससे उसे बचाया जा सका. शेष तीनों बहने पानी मे लापता हो गयी है. जिनमें चंद्रपुर शहर के बाबुपेठ निवासी प्रतिमा मंडल (23), कविता मंडल (22) और लिपिका मंडल (18) का समावेश है. तीनों लापता बहनों की सावली पुलिस की मदद से बोट के जरिये तलाश जारी है.
दूसरी दुर्घटना राजुरा तहसील में वर्धा नदी के चुनाला घाट के पास हुई, जिसमें तीन युवक नदी में डूब गए. उक्त लापता युवकों की भी नाव के माध्यम से तलाश जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चुनाला के यह तीन युवक महाशिवरात्रि पर मंदिर में दर्शन से पहले वर्धा नदी में स्नान हेतु उतरे थे. नदी में जहां वे उतरे थे वहां गहराई का अंदाजा नहीं आने पर तीनों पानी मे डूबने लगे और कुछ ही पल में तीनों पानी में लापता हुए. लापता युवकों में मंगेश चनकापुरे (20), अनिकेत कोडापे (18) तथा तुषार आत्राम (17) का समावेश है. यह सभीं चुनाला गांव के निवासी है.



Total Users : 1946
Total views : 3808