Chandrapur 6 मार्च : हाल ही में खरीदी गई खेत जमीन पर पोल्ट्री फार्म शुरू करने की अनुमति देने के लिए 10 हजार की रिश्वत मांगने के आरोप में अजयपुर की सरपंच और ग्रामसेवक को गिरफ्तार किया गया है.
भ्रष्टाचार प्रतिबंधक कानून के तहत स्थानीय एंटी करप्शन विभाग ने गुरुवार को यह कार्रवाई की. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ग्राम अजयपुर की सरपंच नलिनी तलांडे और ग्रामसेवक विकास तेलमासरे का समावेश है.
शिकायतकर्ता चंद्रपुर निवासी है, उन्होंने हाल ही में ग्राम अजयपुर में खेत जमीन खरीदी थी. इस जमीन पर पोल्ट्री फार्म शुरू करने के लिए अनुमति हेतु उन्होंने ग्रामपंचायत में आवेदन प्रस्तुत किया था. उनका आरोप है कि, यह अनुमति देने के लिए ग्रामसेवक तथा सरपंच ने उनसे स्वतंत्र रूप से 10 हजार रुपये देने की मांग रखी थी. शिकायतकर्ता यह रकम देने की मनःस्थिति में नहीं था, अतः उन्होंने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक विभाग से की थी.
प्राप्त शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन ब्यूरो के अधिकारियों ने जाल बिछाया और ग्रामसेवक तेलमासरे को शिकायतकर्ता से 5 हजार की रिश्वत स्वीकारते हुए गिरफ्तार किया. इस मामले में अधिकारियों ने सरपंच तलांडे को भी हिरासत में ले लिया.
यह कार्रवाई उप अधीक्षक मंजूषा भोसले तथा उनकी टीम ने की.



Total Users : 1946
Total views : 3808