Chandrapur 1 अप्रैल : अपने खेत की जमीन को समतल करने के लिए निकाले गए मुरुम को लेकर कार्रवाई करने की धमकी देते हुए रिश्वत मांगने पर बल्लारपुर के तहसीलदार तथा ग्राम कवड़जई के तलाठी के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज हुआ है.
भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने यह कार्रवाई करते हुए तहसीलदार अभय अर्जुन गायकवाड़ को गिरफ्तार किया है, जबकि इसी मामले में ग्राम कवड़जई के तलाठी सचिन रघुनाथ पुकले फिलहार अवकाश पर होने से उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
यह कार्रवाई बल्लारपुर तहसील के ग्राम कोठारी निवासी तथा बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर की शिकायत पर एन्टी करप्शन विभाग ने की है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता का ग्राम कवड़जई में खेत है, उन्हें अपनी खेत जमीन को समतल करना था, अतः उन्होंने जेसीबी मशीन की मदद से जमीन समतल करने का काम शुरू किया. यह करते समय उनके पास 2 ट्रैक्टर मुरुम तथा मिट्टी जमा हुई. मुरुम का उत्खनन कानूनन प्रतिबंधित होने से तहसीलदार गायकवाड़ तथा तलाठी पुकले ने कार्रवाई करते हुए उनके 2 ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन जब्त करने तथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की धमकी दी. कार्रवाई से बचने के लिए तहसीलदार गायकवाड़ ने 2 लाख रुपये तथा तलाठी ने 20 हजार रुपयों की मांग की. शिकायतकर्ता ने उन्हें उसी दिन 1 लाख 19 हजार 900 रुपये भी दिए.
शेष रकम के लिए दोनों की तरफ से शिकायतकर्ता पर दबाव बनाया जा रहा था, शिकायतकर्ता ने शेष 90 हजार की रकम शीघ्र ही देने की बात स्वीकारते हुए त्रस्त होकर शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत एसीबी चंद्रपुर को दी.
शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाया लेकिन तहसीलदार जाल में फंस नहीं सके, बावजूद इसके अन्य सुबूतों के आधार पर एसीबी ने तहसीलदार गायकवाड़ को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया, तलाठी पुलके अवकाश पर होने से उनकी गिरफ्तारी संभव नहीं हुई, उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई एसीबी की उप अधीक्षक मंजूषा भोसले तथा उनकी टीम ने की .



Total Users : 1946
Total views : 3808