Chandrapur : जिले के कोयला खदान परिसर में एक के बाद एक बढ़ती जा रही आपराधिक घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है. राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर ने इस संदर्भ में वेकोलि के अध्यक्ष सह प्रबंधक और कार्मिक निदेशक के पास चिंता जताते हुए इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए. आपराधिक गतिविधियों को रोकने हेतु कोयला खदान परिसरों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने तथा इस काम के लिए ड्रोन की मदद लेने के भी निर्देश दिए.
इस संदर्भ में अहीर ने वेकोलि के अध्यक्ष सह प्रबंधक मनोज कुमार और कार्मिक निदेशक डॉ. संजय कुमार से चर्चा की. यह बैठक रविभवन, नागपुर में संपन्न हुई.
उल्लेखनीय है कि, जिले में स्थित कोयला खदान परिसरों में आये दिन एक के बाद एक आपराधिक घटनाएं हो रही है, यह घटनाएं कोयला तस्करी से लेकर आपसी दुश्मनी को लेकर हो रही है, जिसमें रिवाल्वर, देसी कट्टा जैसे हथियारों का सरेआम इस्तेमाल किया जा रहा है. यह भी उल्लेखनीय है कि, इसी घटनाओं की श्रृंखला में रविवार 23 जुलाई को राजुरा में कुछ आपराधिक छवि वाले हमलावरों ने देसी कट्टे से फायरिंग की, जिसमें भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सचिन डोहे की पत्नी पूर्वाषा की बेवजह मौत हो गयी थी. यह हमला लल्ली उर्फ बलदेवसिंह शेरगिल नामक व्यक्ति पर किया गया था, जिसमें पूर्वाषा की अकस्मात रूप से गोली लगने से अकारण मौत हो गयी थी. इस घटना के संदर्भ में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें लबज्योतसिंह हरदेवसिंह देवल समेत एक नाबालिग का समावेश है. बताया जाता है कि, यह हमला कोयला तस्करी से निर्माण हुई आपसी दुश्मनी के चलते किया गया था.



Total Users : 1946
Total views : 3808