Chandrapur : कारागार अर्थात जेल का भीतरी वातावरण आम तौर पर सभीं के लिए जिज्ञासा का विषय होता है, जिले के नागरिकों की यह जिज्ञासा मोहर्रम के उन दिनों में पूर्ण होती है, जब इस जेल के दरवाजें सभीं के लिए खुले किये जाते है. इस वर्ष यह अवसर जिले के नागरिकों के लिए 28 और 29 जुलाई को प्राप्त होने जा रहा है.
चंद्रपुर जिला कारागार के भीतर पश्चिमी दिशा में हजरत मखदूम शहाबुद्दीन शहा उर्फ गैबीशहा वली का समाधिस्थल है, जहां मोहर्रम के अवसर पर उर्स का आयोजन होता है, इसी आयोजन के लिए चंद्रपुर का यह कारागार 28 और 29 जुलाई को आम भाविकों के लिए दर्शन हेतु खुला रहेगा.
जिला कारागार अधीक्षक अनूपकुमार कुमरे ने यह जानकारी देते हुए बताया है कि, उपरोक्त दोनों दिनों में आम भाविकों को कुछ नियमों के अधीन जिला कारागार में प्रवेश दिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया है कि, कारागार में किसी को भी मोबाईल फोन, कैमरा, खाद्य पदार्थ तथा अन्य वस्तुओं को ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों को कारागार में प्रवेश वर्जित किया जाएगा. उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए समाधिस्थल का दर्शन लेने और उर्स में सम्मिलित होने की अपील की है.



Total Users : 1946
Total views : 3808