Gadchiroli 25 जुलाई : गड़चिरोली जिले में वड़सा और गड़चिरोली के बीच नई ब्रॉडगेज रेल लाइन बिछाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने प्रयास शुरू कर दिए है, इस संदर्भ में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 322 करोड़ 60 लाख का टेंडर जारी कर दिया है. जिससे इस नई रेल लाइन का कार्य शीघ्र ही शुरू होने की उम्मीद जग गयी है.
वड़सा और गड़चिरोली के लिए प्रस्तावित नई ब्रॉडगेज रेल लाइन परियोजना के लिए जारी हुए टेंडर के तहत दोनों स्टेशनों के बीच संभावित पुलों का डिजाइन, इमारतें, सॉइल वर्क, बड़े और छोटे पुलों का निर्माण, सेवा भवन, मशीन क्रश्ड गिट्टी की आपूर्ति, रेलवे सामग्री का परिवहन आदि काम पूर्ण किये जायेंगे. उक्त कामों को पूर्ण करने के लिए 20 माह की समयावधि तय की गई है. अनुमान है कि, उक्त कामों के बाद वड़सा और गड़चिरोली के बीच प्रत्यक्ष रूप से नई ब्रॉडगेज रेल पटरी बिछाने का काम शुरू होगा. उल्लेखनीय है कि, गड़चिरोली के सांसद अशोक नेते ने हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शहा से मुलाकात कर उनसे इस परियोजना के कामों के शुभारंभ समारोह को उपस्थित रहने की गुजारिश की.
यह भी उल्लेखनीय है कि, नक्सल प्रभावित और आदिवासी जिले के रूप में गड़चिरोली की पहचान है. इस जिले में प्रचुर मात्रा में खनिज संपत्ति है, लेकिन औद्योगिक रूप से यह जिला अभी तक विकसित नहीं हो सका है. उम्मीद जताई जा रही है कि, वड़सा और गड़चिरोली के बीच रेलवे शुरू होने से इस जिले में विकास को नई गति प्राप्त होगी.



Total Users : 1946
Total views : 3808