Amravati : विदर्भ का नंदनवन तथा कश्मीर कहे जाने वाले चिखलदरा में आने वाले पर्यटकों को यहां बन रहे दुनिया के सबसे लंबे स्काई वाक का बेसब्री से इंतजार है.
सूत्रों के अनुसार चिखलदरा हिल स्टेशन पर बन रहा यह स्काई वाक स्विट्जरलैंड में स्थित अब तक के सबसे लंबे स्काई वाक से भी लंबा होगा. चिखलदरा में बन रहे इस स्काई वाक का 80 प्रतिशत काम पूर्ण होने का दावा किया जा रहा है. निर्माणाधीन इस स्काई वाक की लंबाई 400 मीटर होगी तथा इसमें 100 मीटर का ग्लास टॉप होगा, जो पर्यटकों को 2 पहाड़ों के बीच की गहरी खाई के ऊपर हवा में चलने का अनुभव प्रदान करेगी. गौरतलब है कि, भारतवर्ष का यह दूसरा स्काई वाक है, एक स्काई वाक सिक्किम में है. यह स्काई वाक बन जाने के बाद यह दुनिया का सबसे लंबे स्काई वाक के रूप में सामने आएगा. स्विट्जरलैंड में स्थित स्काई वाक 397 मीटर और चीन के स्काई वाक की लंबाई 360 मीटर है. चिखलदरा में साकार हो रहा स्काई वाक हरिकेन पॉइंट और गोराघाट पॉइंट के बीच 2 बड़ी पहाड़ियों की खाई के ऊपर बन रहा है.
स्काई वाक बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों के अनुसार यह स्काई वाक जुलाई 2023 तक पूर्ण किये जाने वाला था, लेकिन यह काम अभी पूर्ण नहीं हुआ है. स्काई वाक के अभी पिलर खड़े हो गए है. स्काई वाक का यह काम आगामी कुछ माह में पूर्ण किये जाने की उम्मीद जताई जा रही है.




Total Users : 1946
Total views : 3808