Chandrapur : तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते वर्धा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है, राजुरा पुल के ऊपर से पानी बहना शुरू हुआ है, जिससे महाराष्ट्र और तेलंगाना के बीच यातायात ठप हो गयी है.
गौरतलब है कि, वर्धा नदी पर बना राजुरा पुल महाराष्ट्र और तेलंगाना राज्यों को जोड़ता है, चंद्रपुर से तेलंगाना के आसिफाबाद और आदिलाबाद होते हुए हैदराबाद जाने के लिए इसी पुल से होकर गुजरना पड़ता है.
वर्धा नदी का जलस्तर बढ़ने से बल्लारपुर और सास्ती के बीच का मार्ग भी बंद हो चुका है. चंद्रपुर जिले में बारिश के कारण विभिन्न स्थानों पर जहां पुलों पर से पानी गुजरने से मार्ग बंद हुए है, उनमें धानोरा – भोयगाव, गोवरी – पोवनी, कोरपना – कोडशी, रूपापेठ – मांडवा, पारडी – रूपापेठ, कोडशी – पिपरी, विरुर स्टेशन – वरूर, विरुर स्टेशन – लाठी का समावेश है.
इराई बांध में 84 प्रतिशत पानी
चंद्रपुर शहर के समीप इराई नदी पर बना इराई बांध 84 प्रतिशत भर गया है. इस बांध की जलसंग्रहण क्षमता 207.500 मीटर की है, शुक्रवार 28 जुलाई को सुबह 11 बजे तक इस बांध का जलस्तर 206.850 मीटर तक पहुंच चुका था, इस बांध का जलस्तर जितनी तेजी से बढ़ते जा रहा है, उसे देखते हुए इस बांध के दरवाजे किसी भी समय खोले जा सकते है. इराई बांध के दरवाजें खोले जाने पर इराई नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हो सकती है.



Total Users : 1946
Total views : 3808