Chandrapur 5 अगस्त : चंद्रपुर जिले के राजुरा तहसील के ग्राम विहीरगांव – मूर्ति में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का प्रस्ताव वन सलाहकार समिति ने अंततः खारिज कर दिया है.
यह वन सलाहकार समिति केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की वैधानिक संस्था है, इस समिति ने चंद्रपुर जिले में प्रस्तावित एयरपोर्ट के प्रस्ताव पर विचारमंथन करने हेतु 7 जुलाई को बैठक ली थी, इस बैठक में यह प्रस्ताव समिति की ओर से खारिज कर दिया गया. हालांकि इस प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलोपमेन्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने समिति के समक्ष जोरदार प्रयास किये, लेकिन समिति ने उनकी दलीलें स्वीकार नहीं की. इस बैठक में हुए निर्णय को समिति की ओर से शुक्रवार को घोषित किया गया है. समिति ने यह कहकर प्रस्ताव ठुकराया है कि, एयरपोर्ट के लिए प्रस्तावित स्थान वन्यजीवों के अधिवास के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान है, यहाँ एयरपोर्ट बनाया गया तो उससे परिसर में जैविक हस्तक्षेप बढ़ जाएगा.
गौरतलब है कि, राज्य के वन मंत्री तथा चंद्रपुर जिले के पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार पिछले कई वर्ष से चंद्रपुर जिले में एयरपोर्ट बनाये जाने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत है. लंबे प्रयासों के बाद उन्होंने एयरपोर्ट के लिए राजुरा तहसील की जमीन तय की थी, जो कि विहीरगांव – मूर्ति के पास है. इस प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए 63 हजार से अधिक हेक्टेयर वन जमीन के डायवर्शन की आवश्यकता है. यह भी उल्लेखनीय है कि, जहां यह एयरपोर्ट प्रस्तावित है, वह क्षेत्र जिले के कन्हालगांव अभयारण्य से करीब है, इस क्षेत्र में बाघ तथा अन्य वन्यजीवों का अधिवास है. समिति का कहना है कि इस एयरपोर्ट से परिसर के बाघों का प्राकृतिक कॉरिडोर खतरे में पड़ सकता है. यह भी उल्लेखनीय है कि, चंद्रपुर जिले के विभिन्न जंगलों में 200 से अधिक संख्या में बाघ मौजूद है.



Total Users : 1946
Total views : 3808