Jabalpur 16 अगस्त : पिछले 15 दिनों से लापता भाजपा नेत्री सना खान का शव को तलाशने में जहां एक ओर पुलिस नाकाम साबित हुई है, वहीं दूसरी ओर नर्मदा नदी में सिहोरा के पास पुलिस को एक महिला का शव पाया गया है, यह शव सना खान का होने की आशंका व्यक्त की जा रही है.
सना पिछले एक पखवाड़े से लापता है, इस संदर्भ में पुलिस ने सना के पति तथा पूर्व बिजनेस पार्टनर अमित उर्फ पप्पू साहू को हाल ही में गिरफ्तार किया था, अमित ने पुलिस को सना खान की हत्या किए जाने का कबूल करते हुए उसका शव हिरन नदी में फेंके जाने की जानकारी पुलिस को दी थी.
अमित द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस हिरन नदी में पिछले कुछ दिनों से तलाशी अभियान चला रही थी, लेकिन पुलिस को सना का शव नहीं मिल सका था, अंततः पुलिस ने 2 दिन पहले ही इस तलाशी अभियान को रोक दिया था.
इस बीच बुधवार 16 अगस्त को दोपहर में कुछ लोगों को नर्मदा नदी में किसी महिला का शव तैरता हुआ पाया गया. पुलिस ने आशंका जताई है कि, यह शव सना खान का हो सकता है.
अमित ने पुलिस को सना का शव हिरन नदी में जिस स्थान पर फेंके जाने की जानकारी दी थी, उससे कुछ किमी दूर यह शव सिहोरा के पास पाया गया है.
हिरन नदी 3 किमी के बाद ही नर्मदा नदी से मिलती है. अनुमान है कि, शव हिरन नदी में बहता हुआ नर्मदा नदी तक आया हो और बाद में यह शव नर्मदापुरम, हरदा होते हुए सिहोरा तक पहुंचा हो.
सना खान नागपुर पश्चिम में भाजपा के अल्पसंख्यक सेल की पदाधिकारी थी, वह 1 अगस्त को जबलपुर में अपने पति तथा पूर्व बिजनेस पार्टनर अमित उर्फ पप्पू साहू से मिलने गयी थी, लेकिन 2 अगस्त से वह लापता हो गयी थी. इस बीच पुलिस ने जांच के बाद अमित को गिरफ्तार किया था, उसने सना की हत्या किए जाने का कबूल करते हुए उसका शव हिरन नदी में फेंके जाने की बात स्वीकार की थी. सना के हत्या के आरोप में गिरफ्तार अमित 18 अगस्त तक पुलिस रिमांड में है.



Total Users : 1946
Total views : 3808