Chandrapur 20 अगस्त : पिछले दो दिनों से जिले में हो रही निरंतर बारिश के बाद अब चंद्रपुर शहर के समीप स्थित महाजेनको के इराई बांध के जलस्तर में लगातार इजाफा हो रहा है. इस बांध के कुछ गेट्स किसी भी समय खोले जाने की संभावना है.
चंद्रपुर जिले में पिछले 2 दिनों से कभी हल्की तो कभी मध्यम स्वरूप की निरंतर बारिश हो रही है. यह बारिश जिले में सभीं तहसीलों में हो रही है, जिससे जिले के करीब सभीं बांध लबालब हुए है. चारगांव जलाशय भी ओव्हरफ़्लो हो रहा है, जिसका पानी इराई नदी से होते हुए इराई डैम में जमा हो रहा है. फलस्वरूप इराई डैम के जलस्तर में पल पल बढ़ोतरी हो रही है. 20 अगस्त को सुबह 10 बजे इस डैम में पानी का लेवल 206.900 मीटर तक पहुंच चुका था, अतः इस डैम के कुछ दरवाजे अब किसी भी क्षण खोले जाने की स्थिति निर्माण हुई है. सीटीपीएस के अधिकारियों ने डैम के बढ़ते जलस्तर की सूचना जिला प्रशासन तथा जलसंपदा विभाग को दी है. सीटीपीएस के अधिकारी अब डैम के दरवाजे खोलने के लिए एसडीएम के आदेश की प्रतीक्षा में है.
ज्ञात रहे कि, इस डैम की कुल जलसंग्रहण क्षमता 207.500 मीटर की है, इस डैम के 3 दरवाजे पिछले माह 27 और 28 जुलाई को खोले गए थे, उस वक्त भी इस डैम की लेवल 206.900 मीटर तक मेंटेन रखने का प्रयास किया गया था.



Total Users : 1946
Total views : 3808