New Delhi 23 अगस्त : बुधवार 23 अगस्त का आज का दिन भारतवर्ष के लिए सबसे बड़ा दिन साबित होने जा रहा है. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा अंतरिक्ष में भेजा गया चंद्रयान 3 अगर सब कुछ ठीक रहा तो बुधवार को शाम 6 बजकर 04 मिनट पर चांद की धरती पर कदम रखेगा. यह अवसर भारतवर्ष के लिए दुनिया के नक्शे पर इतिहास रचने वाला होगा. देश की इस अविस्मरणीय उपलब्धि के साक्षी बनने के लिए हर देशवासी बेताब है. देश की इस उपलब्धि को अपनी आंखों में कैद करने की दृष्टि से देशभर में कई शहरों में लाईव प्रसारण की व्यवस्था की गई है. कई स्कूलों और महाविद्यालयों ने भी अपने छात्रों के लिए चंद्रयान 3 के सॉफ्ट लैंडिंग का सीधा प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की है. चंद्रयान 3 के चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग के सीधे प्रसारण के लिए कई यू ट्यूब चैनल और न्यूज चैनलों ने पहल दिखाई है.
गौरतलब है कि, चांद पर उतरने के भारत के मिशन को पिछले कुछ दिनों से एक के बाद एक सफलता प्राप्त हुई हैं, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान द्वारा अंतरिक्ष में छोड़ा गया चंद्रयान 3 चांद की धरती से बेहद करीब है, और अब यह अभियान निर्णायक चरण में हैं. बीते गुरुवार को इस चंद्रयान का लैंडर प्रोपल्शन मॉड्यूल से सफलतापूर्वक अलग हो गया था. तबसे चंद्रयान 3 के लैंडर की चांद की धरती पर कदम रखने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गयी है.
चंद्रयान 3 ने बीते 14 जुलाई को चांद की दिशा में अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरी थी, 5 अगस्त को इस चंद्रयान ने चांद की कक्षा में प्रवेश कर लिया था. ततपश्चात चंद्रयान ने 6, 9 और 14 अगस्त को चांद के विभिन्न ऑर्बिट में प्रवेश कर लिया था, बाद में इस यान का लैंडर सफलतापूर्वक अलग हो गया था. अब सबकी निगाहें 23 अगस्त की शाम पर लगी हुई है, जिस दिन चंद्रयान चांद की सतह पर कदम रखने वाला है, इसके लिए इसरो ने शाम 6 बजकर 04 मिनट का समय निर्धारित किया है. इसरो के मुताबिक अगर चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए अनुकूल स्थिति रहने पर इसी समय लैंडर चांद पर उतरेगा, अन्यथा यह समय आगे बढ़ाया जा सकता हैं. अगर चंद्रयान चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग करता है तो वह दिन भारत के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा, और भारत समूचे विश्व में अपने नाम एक इतिहास रच देगा.



Total Users : 1946
Total views : 3808