Chandrapur 5 सितंबर : पिछले वर्ष की तरह ही इस बार भी चंद्रपुर शहर का मुख्य गणेश विसर्जन दाताला मार्ग पर स्थित इराई नदी में ही करने का निर्णय जिला प्रशासन ने लिया हैं.
इस बार गणेश विसर्जन और ईद एक ही दिन में आने से जिला प्रशासन ने जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बने रहने की दृष्टि से विशेष एहतियात बरतने के निर्देश सभीं संबंधित सरकारी विभागों को दिए हैं. इस एहतियात के तहत ईद और गणेश विसर्जन जुलूसों के लिए जिले में निश्चित समय तय कर दिया गया हैं. जिले में ईद का जुलूस निकालने के लिए सुबह 10 से 11 बजे का समय निर्धारित किया गया हैं, जबकि जिले में गणेश विसर्जन जुलूस दोपहर 3 बजे के बाद ही शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं. प्रशासन द्वारा तय कर दिए गए समयों का पालन करने के आदेश जिले के सभीं पुलिस थाना प्रभारियों को दिए गए हैं.
गणेश विसर्जन और ईद एक ही दिन आने से जिले में सर्वत्र शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम करने की दिशा में सभी को अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील प्रशासन द्वारा की गई हैं. इसके लिए एहतियात के तौर पर गणेश विसर्जन और ईद के दिन कहीं भी किसी को शुभकामना बैनर्स, स्वागत द्वार, तोरण आदि लगाने की अनुमति नहीं होगी, जो भी शुभकामना बैनर्स लगाने है, वे केवल वाहनों पर ही लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं.
आगामी गणेशोत्सव के लिए इस बार भी सभीं सार्वजनिक गणेश मंडलों को ‘वन विंडो’ स्कीम के तहत ही सारी अनुमति प्रदान की जाएगी.
जिला शांतता समिति की मंगलवार को हुई बैठक में उक्त सभीं निर्णय लिए गए. जिलाधिकारी बिनय गौड़ा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विधायक किशोर जोरगेवार, जिला पुलिस अधीक्षक रविंद्रसिंह परदेसी, सहायक जिलाधिकारी मुरुगानंथम एम. सहायक पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रीना जनबंधु, मनपा आयुक्त विपिन पालीवाल, निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार आदि उपस्थित थे.
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि, इस जिले की शांतिपूर्ण परंपरा को ध्यान में रखते हुए इस बार भी गणेशोत्सव में सबको अपनी जिम्मेदारी निभानी है. गणेश विसर्जन और ईद एक ही दिन होने से सबको समय का पालन करना होगा, डीजे का आवाज 55 डेसिबल से ऊपर ना हो इसका ध्यान रखना होगा. इस बार भी गणेश विसर्जन दाताला मार्ग पर इराई नदी में किया जाएगा, इसके लिए मनपा को सभीं रास्तों की मरम्मत पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता होगी.
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक परदेसी ने बताया कि, ईद और गणेश विसर्जन एक ही दिन आने से जिला प्रशासन ने दोनों जुलूसों के लिए समय तय कर दिया हैं, ईद का जुलूस सुबह 10 से 11 बजे के बीच निकाला जाएगा, जबकि गणेश विसर्जन जुलूस की शुरुआत दोपहर 3 बजे के बाद से की जाएगी. तय किये गए इस समय का सबको अनिवार्य रूप से पालन करना होगा.
मनपा आयुक्त पालीवाल ने बताया कि, गणेश विसर्जन हेतु शहर में करीब 30 स्थानों पर कृत्रिम विसर्जन कुंड उपलब्ध कराए जाएंगे. इसके अलावा मोबाइल कुंड की भी व्यवस्था रहेगी. पालीवाल ने बताया कि, ईद और गणेश विसर्जन एक ही दिन आने से शहर में किसी को भी शुभकामना बैनर्स, स्वागत द्वार, झंडे लगाने की अनुमति नहीं होगी. सिर्फ वाहनों पर ही बैनर्स की अनुमति होगी. पीओपी की प्रतिमाओं पर पाबंदी होने से ऐसी प्रतिमाओं की निर्मिति या बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.



Total Users : 1946
Total views : 3808