Chandrapur 8 अप्रैल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यहां हो रही चुनावी रैली की पृष्ठभूमि पर पुलिस ने जिले में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू की है.
लोकसभा चुनाव हेतु चंद्रपुर-वणी-आर्णी निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी सुधीर मुनगंटीवार तथा गड़चिरोली-चिमूर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक नेते के चुनावी प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सोमवार 8 अप्रैल को शाम 5 बजे चंद्रपुर के समीप मोरवा में आगमन हो रहा है. मोरवा के मैदान में प्रधानमंत्री मोदी की चुनावी जनसभा हो रही है.
प्रधानमंत्री मोदी की इस जनसभा की पृष्ठभूमि पर कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने चंद्रपुर में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों की धरपकड़ शुरू कर दी है. आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष मयूर राईकवार के नागपुर मार्ग पर स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान के सामने सुबह पुलिस की वैन दाखिल हुई और वे राईकवार को गिरफ्तार करते हुए लेकर चली गयी. बताया जाता है कि, पुलिस ने शहर से और भी कुछ कार्यकर्ताओं को इसी प्रकार से हिरासत में लेकर उन्हें नजरबंद किया है. अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राईकवार ने इसे दमनकारी नीति बताया है. उन्होंने कहा कि, जिस प्रकार से प्रधानमंत्री मोदी तथा उनकी सरकार दिल्ली में दमनकारी भूमिका अपनाकर लोगों की आवाज बंद करने की कोशिश कर रही है उसी प्रकार की दमनकारी प्रवृत्ति चंद्रपुर में भी दिखाई दे रही है, इसका आम आदमी पार्टी निषेध करती है. इस प्रकार की दमनकारी नीति तथा बलप्रयोग कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.



Total Users : 1946
Total views : 3808