Chandrapur 23 अक्टूबर : विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चंद्रपुर की सीट को लेकर मुंबई में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के बीच खींचतान शुरू है. महाविकास आघाडी के तीनों घटक दलों में राज्य की 90 प्रतिशत से अधिक सीटों को लेकर आम सहमति बन चुकी है. राज्य की कुछ चुनिंदा सीटों को लेकर अभी भी आम सहमति नहीं बन सकी है, जिनमें चंद्रपुर की सीट का समावेश है. एनसीपी (एसपी) के वरिष्ठ नेता यह सीट राष्ट्रवादी के कोटे में छोड़ने के लिए दबाव बनाए हुए है. इस सीट पर वे निर्दलीय विधायक किशोर जोरगेवार को मैदान में उतारना चाहते है, लेकिन कांग्रेस के कुछ नेतागण इस बात के लिए तैयार नहीं है. खासकर स्थानीय नेता तथा सांसद प्रतिभा धानोरकर इस बात के लिए पहले ही अपना विरोध प्रदर्शित कर चुकी है. इस बीच 23 अक्टूबर को स्वयं जोरगेवार अपने कुछ समर्थकों को साथ लेकर मुंबई में एनसीपी के सुप्रीमो शरद पवार से मिलने जा रहे है. इस मुलाकात का क्या नतीजा निकलकर सामने आता है, यह बुधवार शाम तक ही स्पष्ट हो जाएगा.
इस बीच चंद्रपुर जिले की बल्लारपुर सीट कांग्रेस को देने के लिए शिवसेना तैयार होने की जानकारी सामने आ रही है. इसके बदले में शिवसेना ने मुंबई की एक सीट अपने कोटे में बढ़ा ली है. बल्लारपुर में अब कांग्रेस को अपना उम्मीदवार तय करना है. बुधवार शाम को ही महाविकास आघाडी के तीनों घटक दलों के प्रमुख नेता संयुक्त रूप से एक पत्रपरिषद लेकर सीटों के तालमेल की घोषणा करने की संभावना है.



Total Users : 1946
Total views : 3808