Mumbai 23 अक्टूबर : चंद्रपुर क्षेत्र के निर्दलीय विधायक किशोर जोरगेवार का राष्ट्रवादी कांग्रेस (एसपी) में प्रवेश कुछ समय के लिए टल गया है.
विधायक जोरगेवार ने अपने कुछ समर्थकों तथा एनसीपी के कुछ स्थानीय नेताओं के साथ एनसीपी के सुप्रीमो शरद पवार से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान जोरगेवार ने चंद्रपुर सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस से लड़ने की अपनी मंशा स्पष्ट की. बताया जाता है कि, पवार ने फिलहाल जोरगेवार को वेट एंड वाच की भूमिका अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि, उन्हें इस संदर्भ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करनी होगी, उसके बाद ही कोई अंतिम निर्णय हो पायेगा. गौरतलब है कि, चंद्रपुर की सीट हर हाल में जोरगेवार को नहीं देने तथा इस सीट पर कांग्रेस द्वारा ही अपना प्रत्याशी घोषित करने की मांग को लेकर कांग्रेस की स्थानीय सांसद प्रतिभा धानोरकर ने मुंबई में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालासाहब थोरात, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले तथा अन्य नेताओं से मुलाकात की. बताया जाता है कि, चंद्रपुर सीट को लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच उठ रही मांग और यह सीट कांग्रेस के कोटे में ही बरकरार रखने के आग्रह के चलते एनसीपी सुप्रीमों शरद पवार ने जोरगेवार को लेकर फिलहाल कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है.
इस संदर्भ में बुधवार देर रात या गुरुवार को कुछ अंतिम निर्णय होने की संभावना जताई जा रही है.
शरद पवार के साथ बुधवार दोपहर को हुई जोरगेवार की मुलाकात के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल, स्थानीय नेता दीपक जायसवाल, बेबी ताई उइके, जोरगेवार समर्थक अजय जायसवाल, अशोक मत्ते आदि मौजूद थे.



Total Users : 1946
Total views : 3808