Chandrapur 24 अक्टूबर : विधानसभा चुनाव में चंद्रपुर क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) पार्टी से टिकट हासिल करने में नाकामी के बाद स्थानीय निर्दलीय विधायक किशोर जोरगेवार ने अब अंतिम प्रयास के तौर पर टिकट के लिए पुनः भाजपा का दरवाजा खटखटाने के प्रयास तेज कर दिए है.
यह प्रयास भी अगर सफल नहीं हुए तो जोरगेवार ने पुनः एक बार निर्दलीय चुनाव लड़ने की भी तैयारी शुरू कर दी है.
जोरगेवार बुधवार को मुंबई में टिकट देने की गुजारिश हेतु राष्ट्रवादी कांग्रेस के सुप्रीमो शरद पवार से मिले थे. जब एनसीपी (एसपी) की ओर से कोई रिस्पांस नहीं मिलता देख अब उन्होंने टिकट के लिए पुनः एक बार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के पास प्रयास तेज कर दिए है. बताया जाता है कि,भाजपा के एक स्थानीय वरिष्ठ नेता की मदद से वे दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के पास संपर्क स्थापित कर रहे है. यह भी बता दें कि,जोरगेवार को भाजपा से टिकट देने के लिए भाजपा के ही एक स्थानीय वरिष्ठ नेता का कड़ा विरोध है.
इससे पहले गुरुवार को मुंबई में डेरा जमाए हुए जोरगेवार समर्थक कार्यकर्ताओं ने सुबह पुनः एक बार राष्ट्रवादी कांग्रेस (एसपी) के नेता जयंत पाटिल से मुलाकात कर उन्हें मनाने का प्रयास किया. यह भी बताया जा रहा है कि, भाजपा से टिकट दिलाने के लिए जोरगेवार ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से भी आग्रह किया.
गौरतलब है कि, जोरगेवार के स्थानीय प्रमुख कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को चंद्रपुर में समर्थकों की एक बैठक ली. इस बैठक में समर्थकों को इस बात से आगाह किया गया कि, अगर किसी राजनीतिक पार्टी की टिकट हासिल नहीं होती है, तो उन्हें निर्दलीय ही चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में रहना होगा. यह बैठक मुंबई से स्वयं जोरगेवार के निर्देश पर यहां ली गयी. दोपहर 4.30 बजे शुरू हुई यह बैठक 2 घंटे तक चली. बैठक में चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के अन्य गांवों से भी बड़ी संख्या में समर्थक कार्यकर्ता उपस्थित थे. बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि, जोरगेवार 28 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे.



Total Users : 1946
Total views : 3808