- Chandrapur 25 अक्टूबर : स्थानीय निर्दलीय विधायक किशोर जोरगेवार की संभावित उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस में मचे घमासान के बाद अब भाजपा में भी घमासान मचा हुआ है.
राष्ट्रवादी कांग्रेस (SP) द्वारा उम्मीदवारी बहाल करने के जोरगेवार के प्रस्ताव को सिरे से ठुकराए जाने के बाद अब जोरगेवार चंद्रपुर क्षेत्र से भाजपा की टिकट हासिल करने के लिए उच्चस्तरीय प्रयास कर रहे है. इसके लिए उन्होंने भाजपा के पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री हंसराज अहीर से मदद की गुहार लगाई है. उन्ही की मदद से वे दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क में है.
इधर इस बात की भनक लगने के बाद भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ नेता, सुधीर मुनगंटीवार के खेमे में अस्वस्थता बढ़ गयी है. मुनगंटीवार इस सीट के लिए बृजभूषण पाझारे के लिए प्रयासरत है, अतः वे भी जोरगेवार के संभावित भाजपा प्रवेश से क्षुब्ध हुए है. वे शुक्रवार 25 अक्टूबर को सुबह ही अपने कुछ समर्थकों को साथ लेकर दिल्ली की ओर रवाना हुए है. उनके साथ चंद्रपुर से इच्छुक भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण पाझारे और राजुरा से भाजपा के इछुक प्रत्याशी देवराव भोंगले मौजूद है. बताया जाता है कि, दिल्ली में जोरगेवार के संभावित भाजपा प्रवेश को रोकने के लिए ही वे ताबड़तोड़ दिल्ली रवाना हुए है.
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए मुनगंटीवार ने स्पष्ट रूप से कहा कि, वे एक राजनीतिक कारण से दिल्ली रवाना हो रहे है. पार्टी अगर किसी ऐसे व्यक्ति को टिकट देने का प्रयास कर रही हो, जिसने पिछले 5 वर्ष में 5 राजनितिक पार्टियों का सफर किया हो, तो यह अनुचित है. अपवादात्मक स्थिति में पार्टी में आयातित प्रत्याशी का आगमन एक बार समझा जा सकता है, लेकिन चंद्रपुर जिले में पार्टी मजबूत स्थिति में है, यहां निष्ठावान कार्यकर्ताओं की कमी नहीं है, ऐसी स्थिति में पार्टी द्वारा किसी आयातित प्रत्याशी को टिकट नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने साफ संकेत दिए कि, वे चंद्रपुर से जोरगेवार को पार्टी का टिकट नहीं मिलने देंगे.
मुनगंटीवार की इस तीखी प्रतिक्रिया और तीखे तेवर के बाद जोरगेवार को लेकर अब भाजपा में बड़ा घमासान तय माना जा रहा है. यह घमासान अब आगे क्या मोड़ लेता है इस ओर ही सबकी निगाहें लगी हुई है.
Author: samruddharashtra
Post Views: 20



Total Users : 1946
Total views : 3808