Chandrapur 20 नवंबर : विधानसभा चुनाव की तारीख की पूर्वसंध्या पर चुनाव आयोग के अधिकारियों ने गडचांदुर स्थित एक मकान से करीब 61 लाख रुपयों की कैश तथा राजुरा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी की प्रचार सामग्री जब्त की.
गडचांदुर शहर राजुरा विधानसभा क्षेत्र के तहत आता है.
गड़चांदुर में भाजपा प्रत्याशी देवराव भोंगले के कुछ कार्यकर्ताओं की संदिग्ध गतिविधियों को ध्यान में आते ही वहां के राष्ट्रवादी कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों ने उक्त कार्यकर्ताओं का पीछा किया, यह कार्यकर्ता एक मकान में जाकर छिप गए. जब राष्ट्रवादी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मकान में प्रवेश करना चाहा तो भीतर से कार्यकर्ताओं ने दरवाजा बंद कर दिया. आखिरकार राष्ट्रवादी कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी अरुण निमजे ने इस बात की सूचना चुनाव निर्णय अधिकारी को दी. प्राप्त शिकायत के आधार पर चुनाव आयोग के फ्लाइंग सरवेलेंस टीम ने उक्त मकान पर छापा मारा. भीतर घुसने पर वहां राजुरा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी देवराव भोंगले की चुनाव प्रचार सामग्री दिखाई दी, साथ ही वहां पहले एक लाख रुपये की कैश भी दिखाई दी. मकान में स्थित एक तिजोरी को खोलने पर उसमें से 60 लाख की कैश बरामद की गई.इस मकान से अधिकारियों ने कुछ खाकी कलर के लिफाफे भी जब्त किए. इस लिफाफों में 5 से 7 हजार रुपये थे, तथा लिफाफों पर नाम भी लिखे पाए गए. इस घटना से भाजपा के खेमे में खलबली मच गई है. इस संदर्भ में अब चुनाव आयोग क्या कार्रवाई करता है, इस ओर ही सबकी निगाहें लगी है.



Total Users : 1946
Total views : 3808