Chandrapur 3 अप्रैल : भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा मंत्री आशीष शेलार और विधानसभा में कांग्रेस गुट के नेता विजय वडेटटीवार के बीच हुई गुप्त बैठक और गुफ्तगू ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. इस गुप्त बैठक को लेकर राजनीतिक क्षेत्र में अटकलों का दौर शुरू हो गया है. कोई इसे वडेटटीवार के शीघ्र ही भाजपा में प्रवेश की तो कोई प्रवेश के बाद मंत्रिपद तथा चंद्रपुर जिले का पालकमंत्री बनाये जाने की संभावनाओं की बात कर रहा है.
गौरतलब है कि, इन अटकलों के बावजूद स्वयं वडेटटीवार ने अभी इन अटकलों का खंडन नहीं किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा नेता तथा मंत्री शेलार हाल ही में चंद्रपुर जिले के दौरे पर आए थे. नागपुर से मूल होते हुए चंद्रपुर पहुंचते समय शेलार के साथ चिमूर के भाजपा विधायक कीर्तिकुमार भांगडिया भी थे, इस बीच नागभीड़ के पास दोनों की मुलाकात कांग्रेस नेता वडेटटीवार से हुई. यह मुलाकात पूर्व नियोजित होने की बात सामने आ रही है. मुलाकात के बाद वडेटटीवार अपना वाहन छोड़ शेलार की गाड़ी में जा बैठे. वहां से शेलार, वडेटटीवार और भांगड़िया तीनों मिलकर मूल में एमआईडीसी में वडेटटीवार की एक निर्माणाधीन फैक्ट्री में पहुंचे.
बताया जाता है कि, इस फैक्ट्री के एक केबिन में शेलार और वडेटटीवार के बीच एक गुप्त बैठक हुई, इस बैठक की कुछ तस्वीरें सार्वजनिक हुई है. यह बैठक राजनीतिक थी या कुछ और यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है.
यह भी बताया जा रहा है कि, वडेटटीवार की इस निर्माणाधीन फैक्ट्री का जल्दी ही उदघाटन समारोह होने वाला है, इस समारोह के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आमंत्रित करने के लिए वडेटटीवार प्रयासरत है. यह भी बताया जा रहा है कि, इसी कारणों से शेलार और वडेटटीवार के बीच यह बैठक होने का भी अंदाजा लगाया जा रहा है.



Total Users : 1946
Total views : 3808